नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर स्थित विज्ञान कैंपस में अध्ययनरत एक छात्र की किसी ने गला रेतकर हत्या कर दी। छात्र का शव छात्रावास के स्टोर में मिला। छात्र की निर्मम हत्या से छात्र संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने अविलंब हत्यारों को दबोचने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात्रि महेंद्रनगर स्थित विज्ञान कैंपस के बीएससी चौथे वर्ष में अध्ययन कर रहे छात्र डंबर बहादुर जाग्री का शव छात्रावास के स्टोर में मिला। धारदार हथियार से गला रेतकर किसी ने उक्त छात्र की हत्या की हुई थी।
शव मिलते ही कैंपस में सनसनी फैल गई। कंचनपुर जिला प्रहरी कार्यालय के प्रवक्ता और डीएसपी भीम दहाल ने बताया कि पुलिस ने हत्यारों का पता लगाने प्रयास शुरू कर दिया है। बताया गया कि छात्र कैंपस में पढ़ने के साथ-साथ ही कैंटीन भी संचालित करता था।
इसके अलावा वह माओवादी अखिल क्रांतिकारी जिला कमेटी का सदस्य भी था। कंचनपुर के विभिन्न विद्यार्थी संगठनों ने इस घटना पर आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से अभियुक्तों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। नागरिकों ने भी छात्र की हत्या पर आक्रोश जताया है।