कार की चपेट में आने से घायल छात्र निखिल
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के हथरंगिया में कार की चपेट में आकर एक छात्र घायल हो गया। उप जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
ग्राम बलांई निवासी विवेकानंद विद्यामंदिर का छात्र निखिल बिष्ट (16) पुत्र राम सिंह बिष्ट मंगलवार सुबह स्कूल की ओर आ रहा था कि हथरंगिया चौराहे में सिंचाई विभाग कार्यालय के पास तेज गति से आ रही मारुति कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सभासद नवीन नाथ और अन्य लोग घायल छात्र को अस्पताल लाए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि छात्र के सिर, मुंह, हाथ, पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। इसलिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन काफी तेज गति आ रहा था।
इससे चिंतित लोगों ने स्कूल टाइम में पुलिस प्रशासन से वाहन चालकों की चेकिंग कर कार्रवाई की मांग की है। एसओ मनीष खत्री ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।