राजकीय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच में सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए। अब यहां छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए सीधा मुकाबला होगा। अन्य पदों में केवल एक-एक नामांकन होने से प्रत्याशियों का निर्विरोध चयन होना तय है। मतदान 26 सितंबर को सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगा।
छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डा.बृजेश्वर प्रसाद ओली ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए कमल सिंह रावत और अभिषेक गंगोला के बीच सीधा मुकाबला होगा, जबकि उपाध्यक्ष के लिए नेहा महर, छात्रा उपाध्यक्षा ज्योति बोहरा, सचिव के लिए कमल किशोर, संयुक्त सचिव के लिए राकेश चंद, कोषाध्यक्ष के लिए राकेश सिंह और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए संजीव रंसवाल का निर्विरोध चयन होगा, जिन्हें अध्यक्ष पद की मतगणना के बाद प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
प्राचार्य डा.सीडी सूंठा ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र जारी किए गए हैं, जिन्हें 23 सितंबर तक मुख्य अनुशासक से प्रमाणित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बिना परिचय पत्र के छात्र-छात्राओं को मतदान में भाग नहीं लेने दिया जाएगा।