डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के क्रियान्वयन में किसी तरह की हीलाहवाली होने पर कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को आरटीई से संबंधित कार्यशाला में उन्होंने कहा कि प्रावधान का सख्ती से क्रियान्वयन जरूरी है। इसके तहत अपवंचित और कमजोर वर्ग को पहली कक्षा में प्राइवेट स्कूलों में निशुल्क दाखिले का प्रावधान है। कक्षा की कुल संख्या का 25 प्रतिशत प्रवेश निशुल्क किए जाने हैं। डीएम ने आरटीई के अनुपालन के लिए औचक मुआयना करने के भी आदेश दिए।
जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) सत्यनारायण सिंह के संचालन में हुई कार्यशाला में जिला समन्वयक एके चौबे ने कहा कि जिले में इस साल 491 छात्र-छात्राओं का प्राइवेट स्कूलों में पहली कक्षा में निशुल्क प्रवेश हुआ है, जबकि पांचवीं कक्षा तक ये संख्या 2068 हो गई है। बताया गया कि अभिभावक और समुदाय की सक्रिय सहभागिता तय करने के लिए अधिनियम के तहत हर स्कूल में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया गया है।
बैठक में मुख्य शिक्षाधिकारी एनसी पाठक, लोहाघाट जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य केसी शाक्य, डीपीओ शैली प्रजापति, नवीन मुरारी के अलावा तमाम खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षाधिकारी मौजूद थे।