जिला अस्पताल में चोरों ने पर्ची काउंटर का ताला तोड़ वहां अलमारी में रखी तीन हजार की रेजगारी साफ कर ली।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात को चोरों ने जिला अस्पताल के पर्ची काउंटर का ताला तोड़ डाला। चोर यहां रखी अलमारी से तीन हजार रुपये की रेजगारी चुरा ले गए। अस्पताल के कर्मचारी प्रेम सिंह थ्वाल बृहस्पतिवार को सुबह जब पर्ची काउंटर का ताला खोलने वहां पहुंचे तो उन्हें काउंटर का ताला टूटा मिला।
उन्होंने अंदर जाकर देखा तो वहां रखी अलमारी का ताला खुला हुआ था। अलमारी में से तीन हजार रुपये की रेजगारी गायब थी। उन्होंने इसकी सूचना प्रभारी सीएमएस को दे दी। अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. एचएस ऐरी ने बताया कि अस्पताल में हुई चोरी के संबंध में सभी कर्मचारियों की बैठक ली गई है। अभी तक किसी की ओर लिखित सूचना नहीं आई है। लिखित सूचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पर्ची बनाने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ा
चंपावत। जिला अस्पताल में चोरी होने से पर्ची बनाने के लिए मरीजों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। दोपहर 12 बजे तक पर्ची नहीं कटी। जिससे मरीजों का काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।
नाली में पड़ा मिला गल्ले का ताला
चंपावत। जिला अस्पताल में चोरी की खबर सामने आई तो अस्पताल के पास ही एक ढाबे के स्वामी सोबन कार्की ने उनके ढाबे के पीछे नाली में ताला पड़े होने की जानकारी दी। जब पर्ची काटने वाले कर्मियों ने उसे देखा तो उन्होंने बताया कि वह ताला गल्ले वाला ही है।
काफी समय से सीसीटीवी कैमरे भी पड़े हैं खराब
चंपावत। जिला अस्पताल के पर्ची काउंटर व डिस्पेंसरी की गैलेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले कुछ महीनों से खराब चल रहे हैं।