बनबसा थाने में नागरिकों की बैठक लेते सीओ अविनाश वर्मा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन से बचाव को लेकर बनबसा पुलिस ने लोगों को जागरूक करने को गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें संभ्रांत नागरिकों के अलावा व्यापारमंडल, टैक्सी एवं ईरिक्शा यूनियन पदाधिकारियों ने शिरकत की। कोविड बचाव के उपायों के साथ ही नियमों की अवहेलना करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सीओ अविनाश वर्मा की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में बाजार में आम नागरिक एवं व्यापारियों को कोविड नियमों का पालन करना आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि ग्राहक एवं दुकानदारों को मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करना होगा। नियमों की अवहेलना करने पर दुकानदार पर कार्रवाई की जाएगी। टैक्सी एवं ईरिक्शा चालकों को सवारियों समेत मास्क पहनना अनिवार्य होगा। बिना मास्क के यात्रा करने पर वाहन चालक पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि चंपावत के प्रवेशद्वार बनबसा में बाहर से आने वालों की जांच होगी। बिना जांच किसी को जिले में प्रवेश नही दिया जाऐगा। बाहरी प्रदेशों से चंपावत जिले में आने वालों को दोनो टीका लगे होने के बाद भी कोविड जांच से गुजरना होगा। रात्रि 11 बजे से प्रात: छह बजे तक सभी को कर्फ्यू का पालन करना होगा। इस दौरान बेवजह घूमते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाऐगी। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने सभी से आग्रह किया कि वे स्वयं के साथ ही अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखें व नियमों का पालन करें। कहा कि सभी लोग इस बात का ध्यान रखें कि किसी एक की गलती से दूसरे को तकलीफ न हो। बैठक में व्यापारमंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी, महामंत्री अभिषेक गोयल के अलावा टैक्सी यूनियन एवं ईरिक्शा यूनियन के लोग मौजूद थे।