चंपावत पूल्ड आवास में इसी जगह बननी है शूटिंग रेंज।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में सरकारी शूटिंग रेंज का सपना जल्द ही पूरा होने जा रहा है। चंपावत में प्रदेश की पहली शूटिंग रेंज बनेगी। इसके लिए सीमावर्ती क्षेत्र विकास योजना (बीएडीपी) के अंतर्गत धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। इसके बनने से चंपावत में निशानेबाजी को बढ़ावा मिल सकेगा।
जिलाधिकारी डॉ.अहमद इकबाल की पहल के फलस्वरूप प्रदेश की पहली सरकारी शूटिंग रेंज चंपावत में बनेगी। जिला क्रीड़ाधिकारी राजेंद्र सिंह धामी ने बताया कि इस शूटिंग रेंज में युवाओं को रायफल और पिस्टल से निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सूबे में गैर सरकारी स्तर पर कई शूटिंग रेंज हैं, लेकिन सरकार पहली दफा चंपावत में गोल्फ मैदान के पास 20 गुणा 50 मीटर क्षेत्र में शूटिंग रेंज बनाने जा रही है। इसके लिए बीएडीपी से छह लाख रुपये मंजूर हुए हैं। ग्रामीण निर्माण विभाग को इसके निर्माण का जिम्मा दिया गया है।
कार्यदायी संस्था को 3.56 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। कनिष्ठ अभियंता प्रमोद वर्मा ने बताया कि शूटिंग रेंज का आगणन एक सप्ताह के भीतर आगणन तैयार कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद इसका निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण के लिए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) से भी जरूरी मार्गदर्शन लिया जाएगा।
निशानेबाजी सिखाने को उपलब्ध है प्रशिक्षक
शूटिंग रेंज बनने के बाद चंपावत में इसे आसानी से शुरू भी कराया जा सकेगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेंद्र सिंह धामी ने बताया कि निशानेबाजी के गुर सीखाने के लिए चंपावत में प्रशिक्षक की व्यवस्था है। राष्ट्रीय ख्याति के खिलाड़ी रहे हरि सिंह इसका प्रशिक्षण देने के लिए उपलब्ध रहेंगे।