राज्य आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता के खिताब पर टनकपुर की टीम ने कब्जा जमाया। बुधवार को हुए फाइनल में उसने मेजबान चंपावत की टीम को एक गोल से हराया। विजेता और उपविजेता टीम को मुख्य अतिथि जिला जज बीएस दुग्ताल ने पुरस्कार दिए।
खेल विभाग की ओर से गोरलचौड़ मैदान में हुए खिताबी जंग में शुरू से ही टनकपुर की टीम हावी रही। बावजूद इसके हाफटाइम तक वह गोल नहीं कर सकी। चंपावत के डिफेंडर राजू डसीला, नकुल महर, नितिन तड़ागी और अतुल अधिकारी ने तमाम हमले नाकाम किए। दूसरे हॉफ में भी टनकपुर की टीम पूरी तरह से चंपावत पर हावी रही। लेकिन पहले और अंतिम गोल के लिए टनकपुर की टीम को लंबा इंतजार करना पड़ा।
मैच खत्म होने से करीब नौ मिनट पहले टनकपुर के अंश कालाकोटी ने चंपावत की डिफेंस लाइन को भेदते हुए गोल कर टीम को जीत दिला दी। निर्णायक तनवीर अहमद, सलीम अहमद, गोपाल नेगी और नवीन थे। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा ने सुनाया। जिला क्रीड़ा अधिकारी आरएस धामी ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, जिला सूचना अधिकारी एनएस बिष्ट, कोतवाल देवेंद्र सिंह दिगारी, जिला पर्यटन अधिकारी आरएस ऐरी, शंकर पांडेय, वीएन उपाध्याय, महेंद्र बोहरा, प्रदीप बोरा, चंदन अधिकारी, अमित वर्मा, विकास साह, चंद्रशेखर ओली, मुन्ना राय आदि मौजूद थे।