टनकपुर (चंपावत)। बड़ी रेल लाइन निर्माण कार्य के तहत रेलवे ने यार्डों के निर्माण के लिए सर्वे शुरू कर दिया है, जिससे अतिक्रमणकारियों में खलबली मची है। पीलीभीत-टनकपुर बड़ी रेल लाइन निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। स्टेशन को बड़ी रेल लाइन के मानक के तहत विकसित करने की योजना से जाहिर है कि रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण कर बसी बस्तियों को भी हटाया जाएगा।
क्षेत्र में एक हजार से ज्यादा झाले, पक्के मकान अतिक्रमण की जद में आ रहे हैं। जिन्हें हटाने के लिए रेलवे ने नोटिस जारी कर दिए हैं। सोमवार को रेलवे के सिविल सेक्शन इंजीनियर एवी सिंह के नेतृत्व में निर्माण इकाई की टीम ने रेलवे स्टेशन से रेलवे क्रॉसिंग, कोतवाली तक बिछी पुरानी लाइन का सर्वे किया।
सर्वे से कोतवाली तक लाइन किनारे का अतिक्रमण हटने की आशंका से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची है। स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने को नोटिस जारी किए गए हैं। फिलहाल यार्डों के निर्माण के लिए सर्वे की जा रही है।
टनकपुर (चंपावत)। छात्रनेताओं ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर रेलवे की भूमि से अतिक्रमण हटाने से पहले कब्जेदारों को दूसरी जगह बसाने की मांग की है। एसडीएम नरेश दुर्गापाल को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि कई परिवार 40 वर्षों से रेलवे की भूमि पर बसे हैं। उनके पास राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन तक हैं। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष शाहवेज हुसैन, मो. हारुन, इकराम खान, आकाश भट्ट, विजय पाल, हरीश कुमार श्रीवास्तव, ऋषभ श्रीवास्तव, विकास भट्ट, सन्नी कश्यप आदि थे।
टनकपुर (चंपावत)। भाजपा नेता और पूर्व विधायक केसी पुनेठा ने रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण का मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तक पहुंचाया है। रविवार को हल्द्वानी आगमन पर सांसद अजय टम्टा और पूर्व विधायक पुनेठा ने उन्हें टनकपुर बड़ी रेल लाइन निर्माण के चलते अतिक्रमण की जद में आ रहे परिवारों को आवास दिलाने की मांग की।
उन्होंने डीएम डॉ. इकबाल अहमद से भी अतिक्रमण हटाने से पहले नगर पालिका, रेलवे, राजस्व विभाग की टीम से भूमि का ज्वाइंट सर्वे कराने का आग्रह किया है। जिस पर डीएम ने रेलवे के अधिकारियों के साथ ज्वाइंट सर्वे पर सहमति जताई है। रेल मंत्री को भी पत्र भेजा जा रहा है। सोमवार को पूर्व विधायक पुनेठा ने अतिक्रमण की जद में आ रहे लोगों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उनके साथ पूर्व दर्जामंत्री शिवराज सिंह कठायत भी थे।