खोकिया में हरे रंग के झंडे मिलने के बाद पुलिस ने नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। साथ ही अब यहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है।
तल्लादेश क्षेत्र के खोकिया गांव में पिछले माह गणतंत्र दिवस से पहले एक झंडा मिला। हरे रंगे के इस झंडे में चांद-तारे के निशान के साथ ही अरबी भाषा में एक लाइन लिखी मिली। पुलिस इसे किसी साजिश के बजाय धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बता रही है। अलबत्ता पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर ने इलाके में मुस्तैदी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में तामली थाने में शुक्रवार को पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।
तल्लादेश को जाने वाले इकलौते चंपावत-मंच-तामली मार्ग पर बैरियर लगाकर पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली। प्रभारी थानाध्यक्ष जगत सिंह सामंत के नेतृत्व में चले अभियान में सुदीप कुमार, कुलदीप चौहान, हरीश, हयात सिंह, पूरन सिंह, नारायण बोहरा आदि ने जीपों की चेकिंग की। अलबत्ता चेकिंग में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। उधर, एसएसबी की पंचम वाहिनी के कमांडेंट रंजीत सिंह का कहना है कि एसएसबी की सभी चौकियों में सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता है। वॉच टावर और अन्य माध्यमों से एसएसबी के जवान हर पल सीमा पर नजर रखे हुए हैं।