एसएसबी ने तीन महिलाओं से पकड़ा विदेशी कास्मेटिक
- फोटो : अमर उजाला
एसएसबी ने तीन भारतीय महिलाओं को बड़ी मात्रा में नेपाल से तस्करी कर लाए कास्मेटिक के साथ पकड़कर कस्टम के सुपुर्द किया है। कस्टम ने सामान जब्त कर महिलाओं पर कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई कर छोड़ दिया है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी के प्रभारी असिस्टेंट कमांडेंट सी मघेश के निर्देश पर महिला एसआई पूनम सुरीन, एएसआई ओम प्रकाश जोशी, हेड कांस्टेबल रिशु मेहरा, कांस्टेबल दिनेश पुरी, महेश जोशी, अनिल चौहान, अभिषेक चौहान, सौरभ कुमार, पवन रानी, सुनीता देवी, रेखा देवी पिलर संख्या 805/2 के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे। शुक्रवार सुबह सवा छह बजे नेपाल की ओर से तीन महिलाएं सिर पर कुछ सामान रखकर आती दिखाई दीं।
उन्हें रोककर तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में विदेश कास्मेटिक सामान बरामद हुआ। एसएसबी के कमांडर ने बताया कि दो महिलाएं हल्द्वानी और एक किच्छा की रहने वाली है। वे नेपाल के धनगढ़ी से कास्मेटिक सामान ला रही थीं। नेपाल से लाया थर्डकंट्री मेड कास्मेटिक को हल्द्वानी में बेचा जाना था।
एसएसबी ने तीनों महिलाओं को मय सामान कस्टम केे सुपुर्द कर दिया। कस्टम अधीक्षक एके श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है। महिलाओं पर कस्टम एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया उन्हें छोड़ दिया है।