स्वच्छ एवं सुदृढ़ भारत अभियान के तहत एसएसबी राफ्टिंग दल का मिशन रविवार 25 अक्तूबर को गंगासागर में संपन्न हो गया। दल का नेतृत्व कर रहे ज्ञान चंद ने साहसिक अभियान को अमर उजाला से साझा किया।
एसएसबी का राफ्टिंग, नौकायन अभियान के अनुभव बताते हुए एसएसबी की लोहाघाट स्थित 5वीं बटालियन के टीम लीडर ज्ञान चंद ने बताया कि एसएसबी ने नदी तट पर रहने वालों को राष्ट्रीय सुरक्षा, नदियों की सफाई, स्वच्छ भारत अभियान की जानकारी दी। लोगों से दहेज प्रथा, अशिक्षा, नशा उन्मूलन, कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को दूर करने की अपील की। जगह-जगह लोगों ने भी नदी सफाई में दल का साथ दिया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
गंगासागर पहुंचने पर गंगासागर धाम के पुजारियों ने धार्मिक अनुष्ठान के साथ दल का स्वागत कर आशीर्वाद दिया। सीआरपीएफ के महानिरीक्षक एसएम काजल ने झंडा सौंपा। इस दौरान एसएसबी के आईजी श्याम सिंह, पीआरओ प्रफुल्ल शंकर, बंगाल के सांसद, विधायक, गणमान्य नागरिक, विदेशी पर्यटक भी मौजूद रहे।
23 दिनों में पूरा हुआ 2273 किमी का सफर
धारचूला से दो अक्तूबर को शुरू हुआ एसएसबी का राफ्टिंग दल पांच अक्तूबर को टनकपुर बूम पहुंचा था। 6 अक्तूबर को 10 मरकरी मोटरबोटों से 23 दिनों के सफर के बाद करीब 2273 किमी की दूरी तय कर 25 अक्तूबर को गंगासागर पहुंचा।