एसएसबी का जौलजीबी से गंगासागर तक का अभियान रविवार को पंचेश्वर से खेत गांव पहुंच गया। एसएसबी के ज्वाइंट एरिया आर्गनाइजर (जेएओ) ज्ञान चंद के नेतृत्व में यह अभियान दल नेपाल सीमा से लगे काली नदी की लहरों से अठखेलियां करते खेत पहुंचा।
करीब 2400 किलोमीटर लंबा यह अभियान सोमवार के बाद उत्तराखंड राज्य की सीमा को पार कर जाएगा। कमांडर अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि एसएसबी का यह दल रविवार को खेत गांव में रुकने के बाद सोमवार सुबह यहां से बूम होते हुए बनबसा पहुंचेगा। बनबसा से आगे का अभियान राफ्टिंग के स्थान पर मोटर वोट से होगा। अभियान दल में कुल 65 एसएसबी अधिकारी-जवान शामिल हैं।
स्वच्छ एवं सुदृढ़ भारत के नारे के साथ दो अक्तूबर से जौलजीबी से शुरू अभियान का मकसद नदियों की सफाई, सीमा की सुरक्षा को लेकर जागरूकता और विविधता में एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान दल उत्तराखंड के अलावा उप्र, बिहार, झारखंड और बंगाल राज्य से गुजरेगा।