टनकपुर (चंपावत)। मानव संसाधन विकास कार्यक्रम के तहत एसएसबी की 57वीं वाहिनी ने गैंड़ाखाली राजकीय इंटर कॉलेज में जन कल्याणकारी कैंप लगाया। साथ ही किसानों को कृषि उपकरण बांटकर खेती के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा मानव और पशु चिकित्सा कैंप भी लगाकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया। इस मौके पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
मुख्य अतिथि कमांडेंट केसी राना ने कहा कि बार्डर पर एसएसबी रक्षक के साथ ग्रामीणों की दोस्त बनकर काम कर रही है। कैंप में किसानों को फावड़े, गाइती, खुपा आदि कृषि उपकरण बांटे गए। इसके अलावा राइंका को वाटर फिल्टर, दरी, खेलकूद का सामान भी दिया गया। इस मौके पर एसओ पीलीभीत, एसएओ बनबसा, चिकित्साधिकारी डा. साहिल खान, इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार, ग्राम प्रधान सतीश चंद्र पांडेय, कलावती देवी, सुरेश महर, अमजद हुसैन, ब्लाक में सांसद प्रतिनिधि नरेश सकारी, अनिल चौधरी, सुनील प्रजापति, अमन गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाचार्य आदि थे।