लोहाघाट (चंपावत)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान मुकेश सिंह फिरमाल (25) की मलेरिया से मौत हो गई। उन्हें बरेली के अस्पताल में भर्ती किया गया था। बरेली में ही उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
यहां राजकीय अस्पताल में कार्यरत बहादुर सिंह फिरमाल के इकलौते बेटे मुकेश छत्तीसगढ़ में तैनात थे।
वे एक पखवाड़े पहले दो माह की छुट्टी पर लोहाघाट आए थे। इसी दौरान वह पैतृक गांव छारछुम बलुवाकोट में बन रहे नए घर को देखने के लिए गए थे। जहां अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। पिथौरागढ़ के राजकीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें लोहाघाट अस्पताल लाया गया। मुकेश को मलेरिया हुआ था।
गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से बरेली रेफर किया गया। जहां शुक्रवार तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया। मुकेश पांच वर्ष पूर्व बीएसएफ में भर्ती हुए थे। इस हादसे से उनके परिजन सदमे में हैं। मां फूलवती बेसुध हैं। सीएमओ डॉ. डीएल साह, सीएमएस डॉ. मंजीत सिंह सहित अस्पताल परिवार ने शोक जताया है।