बनबसा एसएसबी के कब्जे में तस्करों का सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बीती रात्रि एसएसबी की नाका पार्टी ने नेपाल से भारत को तस्करी कर लाए जा रहे बड़ी मात्रा में हेयर स्टेनर के पाउच पकड़े हैं। एसएसबी की नाका पार्टी को देख तस्कर फरार हो गए। तस्कर ट्यूब के जरिए शारदा नहर पार कर बनबसा में प्रवेश करने की फिराक में थे। कार्रवाई के बाद पकड़ा गया सामान खटीमा कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुुताबिक बीती रात्रि धनुषपुल स्थित एसएसबी 57 वीं वाहनी डी कंपनी की बंगाली कॉलोनी बीओपी जवान एएसआई दयाराम के नेतृत्व में सघन पैट्रोलिंग पर थे। जवानों को भारत नेपाल पिलर संख्या 803/10 के निकट भारतीय क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। जैसे ही एसएसबी की नाका पार्टी उनके करीब पहुंचने को थी वह भाग निकले।
काफी तलाश करने पर भी तस्करों का कुछ पता नहीं चल सका। एसएसबी जवानों के लौटने पर उन्हें वहां चार गत्ते के बॉक्स पड़े मिले, जिनमें हेयर स्टेनर के 380 पाउच थे। एसएसबी डी कंपनी के कमांडर हर दत्त सिंह (निरीक्षक) ने बताया कि पकड़े गए सामान की कीमत करीब 8 लाख 36 हजार रुपये है, जिसे कार्रवाई के बाद खटीमा कस्टम के सपुर्द कर दिया गया।
बताया कि रात के समय तस्कर शारदा नहर के रास्ते ट्यूबों पर नहर पार कर चंदफार्म, चूनाभट्टा गांव से होकर बनबसा पहुंचते हैं।