एसएसबी ने एक बाइक और उसमें लदा 60 लीटर सिंथेटिक पेंट पकड़ा है, जबकि बाइक चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया। पकड़ा गया पेंट खटीमा स्थित कस्टम कार्यालय के सुपुर्द किया गया है।
धनुषपुल स्थित एसएसबी की 57वीं वाहनी की डी कंपनी के जवान गत शुक्रवार की रात प्रभारी सेनानायक एचबी मोहंती के निर्देश पर सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच रात करीब 12.30 बजे सामान लाता एक बाइक सवार दिखाई पड़ा। एसएसबी जवानों ने उसे ललकारा तो वह सामान और बाइक छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया। प्रभारी सेनानायक ने बताया कि पकड़ी गई बाइक यूए 09/1704 में 20-20 लीटर सिंथेटिक पेंट के तीन डब्बे लदे थे। बरामद पेंट की कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है। पकड़ने वाले दल में कांस्टेबल राजाराव सनी चौधरी, सम्राट पांडेय, पंकज कुमार आदि एएसआई नरेंद्र शर्मा शामिल थे।