चंपावत। चंपावत जिले में इस बार 15 दिन देर से खेल प्रशिक्षण शुरू होगा। इसकी वजह प्रशिक्षकों की तैनाती में देरी है। अब पहली मई से ये प्रशिक्षण शुरू होगा।
चंपावत जिले में हर साल 650 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण लेते हैं। जिले के चार खेल मैदानों में ये प्रशिक्षण 15 अप्रैल से 15 फरवरी तक संचालित किए जाते हैं लेकिन इस बार खेल प्रशिक्षण 15 अप्रैल के बजाय पहली मई से होंगे। इसके लिए 26 प्रशिक्षकों को चयनित कर लिया गया है। चंपावत जिले में तीन पूर्णकालिक प्रशिक्षक हैं। चंपावत में वॉलीबॉल, टनकपुर में मुक्केबाजी और एथलेटिक्स के प्रशिक्षक हैं। इसके अतिरिक्त अन्य खेलों के लिए अस्थायी प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाती है।
इन मैदानों में दिया जाएगा खेल प्रशिक्षण
टनकपुर : क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, ताइक्वांडो।
बनबसा : क्रिकेट, फुटबॉल, मुक्केबाजी, कराटे, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल।
चंपावत : हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स।
लोहाघाट : फुटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, क्रिकेट।
संविदा प्रशिक्षकों की चयन प्रक्रिया में देरी की वजह से प्रशिक्षण 15 अप्रैल के बजाय पहली मई से शुरू होगा। अब चारों खेल मैदान में नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा। - बीसी पंत, जिला क्रीड़ाधिकारी, चंपावत।