बनबसा बैराज पुलिस की पकड़ में तस्करी की जड़ीबूटी, मसाले और तस्कर।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने एक ट्रक की तलाशी में दस लाख रुपये कीमत का रीठा और मसाले जब्त किए हैं। पुलिस ने पकड़ा सामान और तस्कर को कस्टम के सुपुर्द कर दिया। कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद आरोपी कस्टम विभाग ने छोड़ दिया और सामान जब्त कर लिया है। यह सामान नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा था।
बीती देर रात शारदा बैराज चौकी पर ट्रक (यूपी 21 एन 4697) को रोककर पूछताछ की गई तो ट्रक में रीठा रखा होना बताया गया, लेकिन शक के आधार पर पुलिस ने ट्रक में लदे एक बोरे को खोला तो उसमें तेजपत्ता छुपाकर रखा मिला। इस पर पुलिस ने सभी बोरों को खोला तो उसमें छुपाकर रखा तेज पत्ता के अलावा जटामासी, समाया जड़ी और समाया की जड़ें भी बरामद हुईं।
बैराज चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह बिष्ट ने बताया कि ट्रक में बैठे पीलीभीत के अमरिया निवासी मो. हसन अहमद पुत्र मो. अहमद के पास केवल रीठे के कस्टम क्लेयरेंस और बिल ऑफ एक्सपोर्ट आदि थे लेकिन छुपाकर रखे तेज पत्ता, और जड़ी बूटी के कागजात नहीं थे।
उन्होंने ट्रक और तस्कर को कस्टम के सुपुर्द कर दिया। कस्टम अधीक्षक एके सिन्हा ने बताया कि पुलिस की ओर से सौंपा गया ट्रक मय सामान के जब्त कर लिया गया है। बताया कि आरोपी के खिलाफ कस्टम एक्ट में कार्रवाई कर उसे छोड़ दिया गया है। ट्रक को पकड़ने वाली पुलिस टीम में बैराज चौकी प्रभारी के अलावा कां. जीवन चंद, तनवीर आलम, जाकिर आदि थे।