चंपावत। डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर मानसून काल में गर्भवतियों की सुरक्षा और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने कार्ययोजना तैयार की है।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि योजना के तहत आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वह क्षेत्र में गर्भवतियों की नियमित स्वास्थ्य जांच, उच्च जोखिम वाले मामलों की समय रहते पहचान और उन्हें निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने का कार्य प्रभावी रूप से कर सकें। मानसून के दौरान सड़क मार्गों की स्थिति और संचार व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में योजना का फोकस प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी ), प्रसव पश्चात देखभाल (पीएनसी ) और आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने पर है।
महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लाभ समझाए जा रहे हैं। गर्भावस्था के दौरान सावधानी बरतने संबंधी जानकारी दी जा रही है। आशा कार्यकर्ता स्थानीय महिलाओं को आपात संपर्क नंबर, नजदीकी अस्पतालों की जानकारी और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक कर रही हैं।