विधायक कैलाश गहतोड़ी और डीएम एसएन पांडेय ने बहुउद्देशीय सेवा शिविर में लोगों की जन समस्याएं सुन उनका निस्तारण कराया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को सार्थक बनाने वाली चार महिलाओं को सम्मानित किया गया।
राशन कार्ड की समस्या लेकर पहुंचे फरियादी से अभद्र व्यवहार किए जाने पर डीएम ने आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।
वहीं अनुपस्थित रहने पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी और पीएमजीएसवाई के ईई का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की है। विधायक और डीएम ने अधिकारियों को जनसमस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए हैं। शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी 208 समस्याएं दर्ज की गईं।
शहर के गांधी मैदान में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याओं को दूर किया। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित निदान कराया जाएगा और जनता को टहलाने वाले अधिकारी और कर्मचारी बख्शे नहीं जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से लोगों की समस्याओं को सुलझाने में एक दोस्त की भूमिका के रूप में काम करने को कहा है। छीनीगोठ निवासी रमेश चंद्र जोशी की ओर से ग्राम पंचायत विकास अधिकारी प्रेम चंद्र द्वारा राशन कार्ड न बनाने और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत पर डीएम ने खंड विकास अधिकारी को आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा शिविर से गैरहाजिर श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट और पीएमजीएसवाई के ईई वैभव गुप्ता का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की है। शिविर में विधायक ने किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सेंट रोजे प्रजाति की लीची के तीन सौ पौधे बांटे। शुभारंभ डीएम एसएन पांडेय ने किया।
शिविर में ये हुए काम
40 लोगों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए गए।
156 किसानों की भूमि का नियमितिकरण कर रजिस्ट्री की गई।
64 दिव्यांग, 93 जन्म, मृत्यु, आय, जाति और स्थायी प्रमाण जारी किए।
84 लोगों को पेंशन से लाभान्वित किया।
200 श्रमिकों के पंजीकरण हुए।
102 छात्राओं को नंदा देवी गौरा देवी योजना से लाभान्वित किया।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की मिसाल बनीं चार महिलाएं हुईं सम्मानित
टनकपुर (चंपावत)। अपनी किडनी देकर बेटी की जान बचाने वाली बनबसा की सरोज चंद और दो बेटियों के जन्म के बाद परिवार नियोजन करने वाली तीन महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ये अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता थे मौजूद
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, एडीएम टीएस मर्तोलिया, डीएफओ कुबेर सिंह, एएमए राजेश कुमार, पीडी एचजी भट्ट, ईई विद्युत राजेश मौर्य, बाल विकास अधिकारी बृजवाल, ईई एनएच एलडी मथेला, सीएमओ आरपी खंडूरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित, एसडीएम दयानंद सरस्वती, तहसीलदार खुशबू, एपीडी बिन्नी जोशी, जिला समाज कल्यण अधिकारी राजेंद्र सिंह सामंत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हरीश हैसियत, नगर अध्यक्ष मुकेश भट्ट, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष हरीश भट्ट, हेमा जोशी, रोहिताश अग्रवाल, बीसूका जिला उपाध्यक्ष सुभाष थपलियाल, उमाशंकर भट्ट, पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन पांडेय, मुकेश जोशी, सौरभ गुप्ता आदि ने लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग दिया।