एक सैनिक का गुणवत्ताविहीन भोजन परोसने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से मचे हड़कंप के बाद राज्य का पुलिस महकमा भी ऐसी घटना को लेकर सतर्क हो गया है। पुलिस महानिदेशक द्वारा जारी आदेश के तहत रविवार को यहां कोतवाली में बैठक कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याएं सुनी गई और उन्हें सोशल मीडिया में अपनी किसी भी समस्या से संबंधित पोस्ट वायरल न करने की हिदायत दी गई है।
कोतवाल वीसी शर्मा ने डीजीपी के आदेशों का हवाला देते हुए बताया कि पुलिस कर्मियों को किसी भी तरह की समस्या सोशल मीडिया में वायरल न करने को कहा गया है। कर्मियों से कहा कि किसी को भी कोई समस्या है तो वह सीधे उच्च अधिकारियों से संवाद कर अपनी समस्या बता सकता है। उसकी समस्या को त्वरित निदान होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में इस तरह की पोस्ट वायरल किए जाने से विभाग की छवि धूमिल होगी। बैठक में मैस में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी चर्चा की गई।
कोतवाल ने कहा कि आपसी सहमति से मैस के भोजन का चार्ट तैयार किया जाए और उसी के अनुरूप भोजन बने। उन्होंने भोजन को लेकर मैस में सुझाव पेटी भी लगाने को कहा है। इसके अलावा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों और जवानों को उचित दिशा-निर्देश दिए गए।