गुमदेश क्षेत्र के एकमात्र अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलहिंडोला में डॉक्टरों के फुर्सत में आने के कारण रोगियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में गुमदेश के विभिन्न क्षेत्रों से रोगी आते हैं, लेकिन डॉक्टरों का कोई अता-पता नहीं रहता है। नतीजतन लोग झोलाछापों के यहां इलाज कराने के लिए विवश हो रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र पाटनी का कहना है कि पुलहिंडोला में क्षेत्र का एकमात्र स्वास्थ्य केंद्र है, जहां पहले भी डॉक्टर फुर्सत से आते थे। इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करने पर व्यवस्था थोड़ी पटरी पर आ गई थी। इसके बाद पुन: अस्पताल पूर्व स्थिति में आ गया है। सीएमओ डा.विनोद टोलिया का कहना है कि पुलहिंडोला क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए वहां पर्याप्त डॉक्टर और दवाओं की व्यवस्था की गई है। उनके संज्ञान में डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने की बात आने पर उन्होंने स्वयं औचक निरीक्षण किया तथा लोहाघाट के चिकित्साधीक्षक को वहां की व्यवस्था पर नजर रखने का निर्देश दिया है।