दुबई में कार्यरत सैलानीगोठ के एक युवक की कंपनी में ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में हुई मौत के पांच दिन बाद भी शव दुबई से यहां नहीं पहुंचा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र शव मंगाए जाने की मांग की है। इधर, विधायक हेमेश खर्कवाल ने मृतक युवक के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया और विदेश मंत्रालय में बात कर जल्द शव मंगाए जाने का आग्रह किया है।
दुबई के आबूधाबी में मैटर पिप्स एंड प्रोफाइल इंडस्ट्रीज में कार्यरत सैलानीगोठ निवासी कुंडल चंद (27) पुत्र लक्ष्मण चंद की 15 फरवरी को ड्यूटी के दौरान सामान के नीचे दबने से मौत हो गई थी, लेकिन घटना के पांच दिन बाद भी शव दुबई से यहां नहीं पहुंचने पर जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने असंतोष जताते हुए एसडीएम नरेश दुर्गापाल को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर जल्द शव मंगाए जाने की मांग की, वहीं, विधायक ने विदेश मंत्रालय में वार्ता कर शीघ्र शव मंगाए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा। एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन ने भी विदेश मंत्रालय से वार्ता कर दुबई एंबेसी से शीघ्र शव भेजे जाने को कहा है।
कल सुबह घर पहुंचेगा युवक का शव!
दुबई में मृत युवक का शव रविवार सुबह टनकपुर स्थित उसके घर पहुंचेगा। शव को सुपुर्दगी में लेने के लिए परिजन शनिवार सुबह दिल्ली रवाना होंगे। एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने बताया कि विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक युवक का शव अबुधाबी (दुबई) से शनिवार को भारतीय समय के अनुसार दोपहर दो बजे प्लेन से रवाना किया जाएगा, जो रात्रि करीब आठ बजे दिल्ली पहुंचेगा। शव रविवार सुबह सैलानीगोठ स्थित आवास पर पहुंचने की उम्मीद है।