लोहाघाट में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करते आईटीबीपी के कमांडेंट और चेयरमेन।
- फोटो : अमर उजाला
छमनियांचौड़ स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 36वीं वाहिनी के हिमवीरों ने नगर में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने सड़कों के किनारे फैले कूड़े को एकत्र कर उसका निस्तारण किया। एनेक्सी भवन में शनिवार को आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी के कमांडेंट सुभाष यादव और नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा के निर्देशन में आईटीबीपी के 80 हिमवीरों ने लोनिवि के गेस्ट हाउस से लेकर शिव मंदिर पार्क तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
उन्होंने सड़क के दोनों तरफ फैले कूड़े को एकत्र करने के साथ झाड़ियों का कटान किया। अभियान के दौरान हिमवीरों ने करीब 45 बोरे कूड़े के एकत्र किए। जिसका खाली स्थान पर गड्ढे खोदकर निस्तारण किया। इस दौरान कमांडेंट यादव ने कहा कि मनुष्य को स्वच्छ रहने के लिए आसपास सफाई रखनी चाहिए। इस मौके पर सहायक सेनानी विनोद भाटी, विकास कुमार, डॉ.मोहित गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, लोनिवि अभियंता वीरेंद्र बोहरा, शिवाकर चौरसिया, अरुण वर्मा, सभासद मनोज कुमार, गोविंद वर्मा आदि मौजूद थे।