टनकपुर में चरस व स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपी। (विज्ञप्ति)
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। पुलिस ने सवा दो किलो से अधिक चरस और 2.04 ग्राम स्मैक के साथ चंपावत और लोहाघाट के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। चरस के साथ गिरफ्तार चंपावत का आरोपी युवक बाइक में सवार था। गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि ककरालीगेट पर चेकिंग के दौरान बाइक पर चंपावत की ओर से टनकपुर आ रहेे डूंगरासेठी चंपावत निवासी रोहित कुमार टम्टा को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 2.280 किग्रा चरस बरामद हुई।
दूसरे मामले में फोर्ती लोहाघाट निवासी आशीष उपाध्याय को 2.04 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर तस्कर गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों का चालान कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
नशेड़ियों की बनेगी गोपनीय सूची : एसपी
टनकपुर (चंपावत)। नवागत एसपी देवेंद्र पींचा ने शुक्रवार को टनकपुर और बनबसा क्षेत्र का दौरा कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नेपाल से लगी सीमा का भी निरीक्षण किया। एसपी ने पत्रकारों से कहा कि जिले में बढ़ती नशाखोरी चिंताजनक है।
नशाखोरी रोकने के लिए सभी तस्करों को गिरफ्तार किया जाएगा। नशेड़ी लोगों को भी चिह्नित किया जाएगा। अभिभावकों के साथ काउंसलिंग कर नशा छुड़ाने की भी कोशिश की जाएगी। एसपी ने शहर के व्यापारियों और खनन कारोबारियों के साथ भी अलग बैठक कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था की जानकारी ली। वहां थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान भी थे।