चंपावत। जल संस्थान की ओर से पानी के बिल में बढ़ोतरी से भड़के उपभोक्ताओं ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया। मंगलवार को एकजुट लोगों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जल संस्थान समेत शासन-प्रशासन के खिलाफ गुबार निकाला। कहा कि डबल इंजन की सरकार में उनकी परेशानियां कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही हैं। आंदोलनकारियों ने एडीएम हेमंत कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपकर जल मूल्य में की गई मूल्यवृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत छतार वार्ड एक, पुनेठी, मादली वार्ड के उपभोक्ताओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। छतार वार्ड की सभासद शकुंतला गोस्वामी का कहना था कि पानी मिलता नहीं है, इसके बावजूद बिल अधिक राशि के मिले हैं। आक्रोशित लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। मादली के गिरीश पांडेय ने कहा कि किसी भी जनसमस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने सोमवार को जल संस्थान के ईई आरके वर्मा से शिकायत की तो जवाब मिला कि जिसको परेशानी हो रही है वह अपने कनेक्शन कटवा लें। इससे आक्रोशित लोगों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम हेमंत वर्मा को सौंपा। इसमें कहा गया है कि पहले जल संस्थान की ओर से 300 से 500 रुपये प्रति तिमाही जल मूल्य लिया जाता था लेकिन अब 1500 रुपये तक के बिल थमाए गए हैं।
बिलों में संशोधन न होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी। इनमें प्रेमा जोशी, अनीता बिष्ट, कविता पंत, दीपा तिवारी, किरन नरियाल, सुमित्रा चौबे, चंद्रकला बोहरा, ऊषा उप्रेती, गंगा खाती, पुष्पा जोशी, हेमा उप्रेती, मोती राम जोशी, पंकज तिवारी आदि थे।