टनकपुर/पूर्णागिरि (चंपावत)। नवरात्र के पहले दिन शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए करीब 60 हजार श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा। पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह बेरिकेडिंग की थी। एसपी ने पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी भी स्वयंसेवकों के साथ श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की व्यवस्था में जुटे रहे। पूरे मेला पड़ाव क्षेत्र में मां के जयकारों की गूंज रही।
सोमवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं का रेला पड़ाव क्षेत्रों से आगे बढ़ता रहा। मंगलवार तडके से श्रद्धालुओं का रेला आने पर भैरव मंदिर, तिलहर, सिद्ध मोड़ और काली मंदिर के पास बेरिकेडिंग लगाने पड़े। भैरव मंदिर टैक्सी स्टैंड पर लंबी-लंबी लाइन में लगे श्रद्धालुओं बच्चों को फ्रूटी और पानी दिया गया। इस बीच बूम पार्किंग, ठूलीगाड़ पार्किंग में बड़ी संख्या में वाहन पार्क रहे। चूका रोड पर करीब दो किमी लंबाई में वाहनों को पार्क कराया गया। संवाद
धूनी स्थल पर मां की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित
टनकपुर (चंपावत)। नवरात्र के पहले दिन टुन्यास के पास प्राचीन धूनी स्थल में मंदिर समिति की ओर से मां की अखंड ज्योति को प्रज्ज्वलितकी गई। मां पूर्णागिरि धाम के पुजारियों के कुल पुरोहित कुलदीप कुलेठा ने अखंड ज्योति प्रज्वलित कराई। अखंड ज्योति नौ दिन जलेगी और दसवें दिन पूजा अर्चना के बाद भंडारा होगा। समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, मोहन पांडेय, नीरज पांडेय, दया नंद पांडे, राजेंद्र तिवारी, नवीन तिवारी, सुरेश तिवारी, नेत्र बल्लभ तिवारी आदि व्यवस्थाओं में जुटे रहे। संवाद
जल पुलिस वोट से लेती रही जायजा
टनकपुर (चंपावत)। मां के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने शारदा घाट पर स्नान किया और बैराज मार्ग होकर नेपाल के ब्रह्मदेव मंडी स्थित बाबा सिद्धनाथ के दर्शन किए। जल पुलिस के साथ कोतवाली पुलिस के एएसआई प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम वोट से नदी के किनारे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान और अधिक गहरे में न उतरने की चेतावनी देती रही। संवाद
शारदा घाट पर पूरे नवरात्र होगी आरती और विशेष पूजा अर्चना
टनकपुर (चंपावत)। पालिका प्रशासन की ओर से नमामि गंगे योजना के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहली की गई है। इसके तहत पावन शारदा घाट पर सोमवती अमावस्या पर विशेष आरती और पूजा अर्चना क्रम मंगलवार देर शाम भी किया गया। ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने बताया कि पूरे नवरात्र घाट पर आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए घाट पर पूजा अर्चना की व्यवस्था की गई है। संवाद
चैत्र नवरात्र पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
पिथौरागढ़/अस्कोट/गंगोलीहाट। चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पहले दिन मां के शैलपुत्री स्वरूप में आराधना की गई।
जिला मुख्यालय के घंटाकरण, उल्का देवी, लक्ष्मीनारायण, गुरना पाषाण देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। भक्तों ने घरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। उधर अस्कोट में नव संवत्सर सुनने वालों की भीड़ रही। श्री मल्लिकार्जुन महादेव, हुष्कर देव, छुरमल देव मंदिर में नवरात्र जागरण शुरू हो गए हैं। लोगों ने घर और मंदिरों में हरेला बोया। पंडित नारायण दत्त पंत, मोहन चंद्र ओझा ने कालयुक्त नामक संवत्सर का बखान किया।
उधर गंगोलीहाट में चैत्र नवरात्र की प्रतिपदा को महाकाली, चामुंडा, छिमाल देवी, चहज के पांडव मंदिर, शिवालयों एवं लोक देवताओं के मंदिरों में सुबह से ही पूजा करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। हाट कालिका, बुंगली की कालिका, पाताल भुवनेश्वर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा अर्चना की। हाट कालिका मंदिर में पुरोहित पंकज पंत, दीप पंत ने श्रद्धालुओं की पूजा संपन्न कराई। चहज के पांडव मंदिर में मेला लगा। मेले में लोगों ने आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की। पांखू स्थित कोटगाड़ी मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा। संवाद
चैत्र नवरात्र पर मंदिरों में श्रद्धालुओं ने की पूजा अर्चना
चंपावत/लोहाघाट। चैत्र नवरात्र शुरू होते ही नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर पूजा अर्चना की। मां के जयकारे और शंख घंटों की गूंज से वातारण भक्तिमय हो गया। पहले दिन श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री के स्वरूप की पूजा अर्चना की। चंपावत के हिंगलादेवी मंदिर के अलावा क्रांतेश्वर, मल्लाडे़श्वर, ताड़केश्वर, बालेश्वर, डिप्टेश्वर, नागनाथ, भागेश्वर, सप्तेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। लोहाघाट के प्रसिद्ध ऋषेश्वर महादेव मंदिर, पंचेश्वर, रामेश्वर, देवीधार मंदिर, झूमाधुरी मंदिर, मानेश्वर, मां कडाई देवी मंदिर, गलचौडा बाबा, अखिल तारिणी धाम, लडीधुरा मंदिर, बर्दाखान के वरदायिनी मंदिर, बाराहीधाम देवीधुरा समेत सभी देवी मंदिरों में दिन भर पूजा पाठ का दौर चलता रहा। देव डांगरो ने रामेश्वर घाट, पंचेश्वर घाट पर स्नान किया। पंचेश्वर और रामेश्वर घाट में मेला भी लगा।
दस हजार श्रद्धालु बनबसा के रास्ते पहुंचे सिद्धनाथ बाबा
बनबसा (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन के उपरांत बड़ी संख्या में तीर्थयात्री नेपाल स्थित सिद्धनाथ बाबा के दर्शन करने गए। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। बैराज पर कई बार जाम के हालत पैदा हुए। शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी ललित मोहन पांडे फोर्स के साथ बैराज और स्नान घाट पर मुस्तैद रहे। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि मंगलवार को बनबसा के रास्ते करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने नेपाल को रुख किया। संवाद