नगर में निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में अभिलेखों की जांच करती औषधि निरीक्षक। स्रोत: विभाग
चंपावत। जिले में औषधियों की गुणवत्ता और विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि निरीक्षक हर्षिता ने नगर के छह खुदरा और थोक औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। गुणवत्ता परीक्षण के लिए चार दवाओं के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला को भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान दवाओं के स्टॉक का सत्यापन, वैध लाइसेंस, सुरक्षित भंडारण, रेफ्रिजरेटर में उचित तापमान, फार्मासिस्ट की उपस्थिति और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगे की कार्यवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक हर्षिता ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक दवा की बिक्री पर अनिवार्य रूप से विधिवत बिल जारी किया जाए साथ ही अभिलेख नियमानुसार अद्यतन रखे जाएं। नशीली, मनप्रभावी, एंटीबायोटिक दवाएं बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के न दी जाएं। उल्लंघन पर औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 के तहत सख्त कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण टीम में सहायक दिनेश फर्त्याल भी उपस्थित रहे।