चंपावत कोतवाली में दबोचे गए जुआरी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात व्यापार मंडल के पूर्व उप सचिव चंचल सिंह के घर में जुआ खेलते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है। चार अन्य जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने इस दौरान जुआरियों के कब्जे से 29 हजार रुपये की नकदी और एक कार सहित चार वाहनों को सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में जुआ खेलने संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भैरवां चौराहे से आगे कालसन मंदिर के पास व्यापार मंडल के पूर्व उप सचिव चंचल सिंह बिष्ट के घर में मकान मालिक सहित 10 लोगों को ताश खेलते पाया। पुलिस टीम की ओर से जब आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी गई तो मौके से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि चार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, हालांकि उनकी पहचान कर ली गई है। मौके से 52 ताश के पत्ते और 20 हजार रुपये बरामद किया गया, जबकि जामा तलाशी में 9000 रुपये बरामद किए गए। मौके से अभियुक्तों के चार वाहन (दो बाइक, एक स्कूटी, एक कार) को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया है।
कोतवाल धर्मवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 और आईपीसी की धारा 188 तथा आपदा अधिनियम की धारा 51 ख के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। बताया कि आरोपी निर्मल सिंह, प्रमोद सिंह, कमल पांडेय, मनोज सिंह, शेख मोतिन, अमित सिंह को हिरासत में लिया है, जबकि मकान मालिक चंचल सिंह के अलावा भुवन पुनेठा, धरम धौनी, संदीप मेहरा अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में कामयाब रहे। टीम में सीओ ध्यान सिंह, एसएसआई दीवान सिंह, एसआई सोनू सिंह, पिंकी धामी, कांस्टेबल पूरन सिंह, अब्दुल मलिक, राजपाल सिंह, पंकज राय और चंद्रशेखर आदि शामिल रहे।