चंपावत में एसपी लोकेश्वर सिंह से मुलाकात कर अपना पक्ष रखते शिक्षक-कर्मचारी नेता गोविंद बोहरा।
- फोटो : CHAMPAWAT
कर्मचारी-शिक्षक नेता गोविंद बोहरा के साथ हुई कथित बदसलूकी मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एसपी लोकेश्वर सिंह ने कहा कि चंपावत के सीओ ध्यान सिंह मामले की जांच करेंगे। इससे पूर्व कर्मचारियों के एक शिष्टमंडल ने एसपी से मुलाकात कर इंसाफ की मांग की।
कर्मचारी-शिक्षक नेता से अभद्रता मामले में बुधवार को कर्मियों ने लोहाघाट में थाने के घेराव के साथ चंपावत में प्रदर्शन कर एसओ मनीष खत्री के तबादले की मांग की थी। आरोप लगाया गया था कि जब कर्मचारी-शिक्षक नेता बोहरा एक राजमिस्त्री की पत्नी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए बुधवार को एसओ से मिले थे। तो उन्होंने न केवल पीएम रिपोर्ट देने से मना कर दिया, बल्कि उनकी कार की चाभी छीनने के साथ अभद्रता भी की।
बृहस्पतिवार को कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भूपेंद्र प्रसाद जोशी के नेतृत्व में एसपी से मुलाकात कर बदसलूकी करने वाले थानेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जीवन ओली, एलएम चतुर्वेदी, गोविंद बोहरा शामिल थे। इधर थानेदार मनीष खत्री ने अभद्रता सहित अन्य आरोपों को खारिज किया है।