लोहाघाट विकासखंड के मंगोली ग्राम पंचायत में सिरतोली-मंगोली मार्ग की दुर्दशा पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने शीघ्र मोटर मार्ग की हालत न सुधारने पर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी है। मंगोली के ग्राम प्रधान चांद बोहरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग में जगह-जगह गड्ढे होने से इसमें सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है।
सिरतोली-मंगोली मार्ग को लोनिवि ने लगभग दो दशक पूर्व बनाया था। विभाग द्वारा सड़क में डामरीकरण किया गया था, लेकिन वह गुणवत्ताविहीन था। जिस कारण सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने के कारण मार्ग में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बताया कि कई सालों से सड़क में डामरीकरण करने की मांग उठाई जा रही है। विभाग की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस मौके पर कहा गया कि विभाग की ओर से सड़क में जल्दी ही डामरीकरण नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर बीडीसी सदस्य रमेश राम, कल्याण सिंह, मोहन सिंह, कमलाकांत पांडेय, विक्रम सिंह, रमेश सिंह आदि मौजूद थे।