मित्रराष्ट्र नेपाल में सम्मानित होते चंपावत के पुलिस एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत।
- फोटो : अमर उजाला
मित्र पुलिस के एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत को नेपाल में सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर चंपावत के साथ राज्य के पुलिस महकमे का मान बढ़ा है। मालूम हो कि इस सीमा पर यह पहला मौका है जब नेपाल में किसी भारतीय अधिकारी को सम्मानित किया गया है।
चुनाव आचार संहिता लागू होने से पूर्व बनबसा बैराज चौकी प्रभारी के तौर पर बनबसा में नियुक्त एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत को नेपाल के सामुदायिक प्रहरी सेवा केंद्र सभागार में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कंचनपुर जिला मुख्यालय स्थित महेंद्रनगर की भीमदत्त नगरपालिका के मेयर सुरेंद्र बिष्ट ने वर्तमान में चंपावत में तैनात एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत को उनके उत्कृष्ट कार्यों और अच्छे व्यवहार के लिए शाल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर नेपाल पुलिस सर्विस सेंटर के अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद ने कहा कि एसआई सुरेंद्र सिंह ने बनबसा बैराज चौकी पर तैनाती के दौरान सराहनीय पुलिस कार्य करने के अलावा भारत-नेपाल मैत्री को कायम रखने का सार्थक प्रयास भी किया। वहां नेपाल पुलिस सर्विस सेंटर के सचिव विमल कठायत, कंचनपुर के सीडीओ (जिलाधिकारी कंचनपुर) सुशील वैद्य, एसपी गणेश आचार्य, सामुदायिक प्रहरी केंद्र के उपाध्यक्ष किशोर जैरू, उमेश सुनार के अलावा नेपाल के पुलिसजन और पालिका सदस्य, कर्मी आदि मौजूद थे।