लोहाघाट स्टेशन में पेयजल की सुचारू आपूर्ति न होने पर नाराजगी जताते रोड़वेज कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
रोडवेज बस स्टेशन में पेयजल किल्लत के चलते यात्रियों और कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति न होने से यहां बनाया गया पेयजल टैंक शो-पीस बना हुआ है। रोडवेज कर्मियों ने स्टेशन में पेयजल व्यवस्था शीघ्र सुचारु करने की मांग की है।
रोडवेज स्टेशन से चंपावत, टनकपुर, दिल्ली, देहरादून, हरिद्वार, बरेली, हल्द्वानी आदि जगहों के लिए रोजाना 15 से अधिक बसों का संचालन होता है। स्टेशन में पानी की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को भारी दिक्कत हो रही हैं। वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी भुवन चंद्र आर्या और रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूरन राम टम्टा का कहना है कि छह माह से इस संयोजन में सुचारु रूप से पेयजल आपूर्ति नहीं होने से कर्मचारी व यात्री परेशान हैं। कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हो सका है।
रोडवेज कर्मचारी नेता सूरजभान, चंद्रशेखर दानी, एसके मौर्या, राजेंद्र फर्त्याल ने समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। जल संस्थान के अभियंता पवन बिष्ट का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। पेयजल आपूर्ति कहां से बाधित हुई है, इसका पता लगाकर आपूर्ति सुचारु की जाएगी।