टनकपुर में शारदा स्नानघाट तक पहुंचा नदी का पानी। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद शारदा नदी का जलस्तर एक लाख क्यूसेक से अधिक हो गया। इस कारण यूपी सिंचाई विभाग के बनबसा स्थित शारदा हेडवर्क्स प्रशासन ने सुरक्षा के तहत बैराज पर वाहनों का संचालन रोक दिया। नदी का पानी एक लाख क्यूसेक से कम होने पर ही बैराज से वाहनों का संचालन शुरू होगा।
शारदा हेडवर्क्स प्रशासन के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शारदा का जलस्तर 72062 क्यूसेक था। पहाड़ों पर बारिश होने से नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और नौ बजे नदी का जलस्तर 77502, बारह बजे 93297, एक बजे 106823 क्यूसेक, अपरान्ह तीन बजे बाद नदी का जलस्तर बढ़कर 113917 हो गया था। चार बजे बाद नदी का जलस्तर कम होकर 107107 क्यूसेक रह गया।
ये भी पढ़ें...हठ लाई मौत!: टूटती रहीं बेटी की सांसें और पत्थर दिल बनी रही मां, सवाल- जिद के आगे क्यों झुका अस्पताल?
इस कारण बैराज से वाहन का संचालन रोक दिया गया। शारदा हेडवर्क्स के बैराज प्रभारी अटैंडेंट जेई संजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को क्षेत्र में 29 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 25 एवं अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर टनकपुर में शारदाघाट के ऊपर से पानी बहने से प्रशासन ने सुरक्षा के तहत घाट पर पुलिस तैराकों को सतर्क कर दिया। साथ ही शारदाघाट पर आवागमन पर रोक लगा दी गई।