चंपावत। जिले में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 45 हजार घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों को लेकर डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। डीएम ने सभी कार्यालयों में नौ बजे ध्वजारोहण करने, खेल विभाग को चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर में विभिन्न आयु वर्गों की क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित करने और टनकपुर-जोलजीबी मार्ग पर चूका तक साइकिल रैली निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगभग ढाई लाख आबादी वाले जिले के 45 हजार घरों पर ध्वज लगाए जाएंगे।
घर-घर ध्वज वितरित करने लिए सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एसएसबी की ओर से 1200, आईटीबीपी की ओर से 6000, नगर पालिका चंपावत की ओर से 2500, टनकपुर की ओर से 2000, लोहाघाट की ओर से 1500 तथा बनबसा नगर पंचायत की ओर से 700 ध्वजों का वितरण किया जाएगा। अन्य झंडे जिला प्रशासन, एनएचपीसी, अन्य संगठनों की ओर से तैयार कर वितरित किए जाएंगे। उन्होंने शिक्षा विभाग को निबंध, चित्रकला भाषण आदि प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर सीडीओ आरएस रावत, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
नगर पालिका लोहाघाट शहर में वितरित करेगी तिरंगा
लोहाघाट (चंपावत)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर पालिका में बैठक हुई जिसमें पालिका क्षेत्र में आने वाले सभी घरों को झंडा दिए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन गोविंद वर्मा ने की। बैठक में ईओ मो. इस्लाम, सभासद भुवन बहादुर, कैलाश उपाध्याय, प्रकाश उप्रेती, राजकुमार बिष्ट, पीयूष पांडेय आदि मौजूद थे। इधर, राजकीय पॉलिटेक्निक के एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवकों ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली निकाली। प्रभारी प्रधानाचार्य गोविंद बल्लभ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वसीम अहमद, विवेक कुमार मौर्या, संजय कुमार, डीके शर्मा, दीपक भट्ट आदि मौजूद रहे। संवाद