हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज के द्ववान बीट में लकड़ी बीनने गई सोना देवी को मौत के घाट उतारने वाला बाघ रविवार की रात दोबारा उसी स्थान पर आया था जहां उसने सोना देवी पर हमला किया था। मौके पर मिले पंजे के निशानों से वन विभाग ने इसकी पुष्टि की है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने को विभाग ने द्ववान बीट के साथ ही ककराली बीट में आठ सीसीटीवी फिट कर दिए हैं। वहीं जंगल से लगे गांवों में विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है।
शारदा रेंज के द्ववान बीट के कंपार्टमेंट 1 बी के जंगल में रविवार को बाघ ने लकड़ी बीनने गई बोरागोठ गांव निवासी सोना देवी (55) पत्नी केसर राम को मौत के घाट उतार दिया था। वन विभाग के रेस्क्यू ऑपरेशन में घटना स्थल से करीब 150 मीटर दूर महिला का शव पड़ा मिला था। बाघ की गतिविधि जानने को सोमवार की सुबह उप प्रभागीय वनाधिकारी राजेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम घटना स्थल पर गई तो वहां घटना स्थल के साथ ही उस स्थान पर भी बाघ के पंजे के निशान मिले जहां उसने महिला का शव छोड़ा था। इससे साफ है कि घटना को अंजाम देने वाला बाघ रविवार की रात फिर घटना स्थल आया था। रेंजर ख्याली राम आर्य ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सनवाल के निर्देश पर बाघ की गतिविधि पर नजर रखने को द्ववान और ककराली बीट के जंगल में आठ सीसीटीवी लगाए गए हैं। रेंजर ने बताया कि जंगल से लगे पूर्णागिरि मार्ग के गांवों के साथ ही ककरालीगेट व आमबाग गांव में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
टनकपुर। रविवार को बाघ के हमले की घटना के बाद विभाग ने वन्यजीवों से सुरक्षा को लेकर गश्त बढ़ा दी है। रेंजर ख्याली राम ने बताया कि डीएफओ के निर्देश पर 12 वन कर्मियों की टीम गठित कर पूर्णागिरि व ककरालीगेट मार्ग के साथ ही आमबाग क्षेत्र में नियमित गश्त पर लगाया गया है।
एसडीओ और रेंजर ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी
टनकपुर। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद उप प्रभागीय वनाधिकारी राजेश श्रीवास्तव व रेंजर ख्याली राम आर्य ने बाघ का निवाला बनी महिला के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि डीएफओ डा. चंद्रशेखर सनवाल ने मृतका के परिवार को तात्कालीय मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि विभाग के पास मुआवजे के लिए बजट उपलब्ध है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलते ही दस दिन के अंदर मुआवजे की पूरी राशि पीड़ित परिवार को मुहैया करा दी जाएगी।
डीएफओ ने हल्द्वानी में बुलाई वन अधिकारियों की बैठक
टनकपुर। वन्यजीवों के हमले की घटनाओं से सुरक्षा को लेकर डीएफओ डॉ. चंद्रशेखर सनवाल ने मंगलवार को हल्द्वानी में विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई है। एसडीओ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में संभवत: वन्यजीवों से सुरक्षा को लेकर ठोस रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।