होली के अगले दिन से शुरू होने वाले पूर्णागिरि मेले की तैयारी में प्रशासन जुट गया है। सोमवार को मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम अनिल चन्याल ने व्यवस्था से जुड़े विभागों और संस्थाओं की बैठक व्यवस्थाएं निर्धारित की है। उन्होंने विभागों को होली से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की गणना के लिए इस बार बूम में बायोमैट्रिक पंजीकर शिविर लगेगा। यात्रियों की वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए वन विभाग को नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य पर्व के दिन ट्रैफिक कंट्रोल के लिए ककरालीगेट, गैंड़ाखाली और उचौलीगोठ में इमरजेंसी पार्किंग की जाएगी। समूचा मेला क्षेत्र सीसीटीवी की नजर में रहेगा। मंदिर समिति के फैसले में संशोधन कर प्रशासन ने मुख्य मंदिर में मय्या के श्रृंगार, साफ-सफाई के लिए सुबह और शाम एक-एक घंटे दर्शन पर रोक लगाई है।
तहसील सभागार मेले की तैयारी को लेकर प्रशासन की पहली बैठक में मेला मजिस्ट्रेट ने बिजली विभाग को नागा क्षेत्र में लाइन पर झूल रहे पेड़ों की लॉपिंग करने के साथ लाइन को दुरुस्त करने को कहा है। जलसंस्थान को समूचे मेला क्षेत्र में निर्बाध जलापूर्ति करने व व्यवस्था की निगरानी के लिए पर्याप्त कर्मचारी तैनात करने के साथ ही अवैध कनेक्शन, दुकानों में पानी खिंचने को लगे टिल्लू पंपों का जब्त कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लोनिवि को पैदल मार्ग पर फूट टाइल्स लगाने का काम जल्द पूरा करने के साथ ही कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त रैलिंग ठीक करने को कहा है। इसके अलावा भीड़ नियंत्रित करने के लिए झूठा मंदिर व तिलहर धर्मशाला के पास रास्तों में चैनल लगाने के भी निर्देश दिए हैं।
अग्निशमन विभाग को टुन्यास, भैरव मंदिर व ठुलीगाड़ में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। बूम से आगे रोडवेज की बसों को छोड़ भारी वाहनों व ट्रेक्ट्रर ट्रालियों पर प्रतिबंध रखने को कहा गया है। एनएचपीसी प्रशासन को बैराज क्षेत्र में यात्रियों के लिए पेयजल की व्यवस्था और बैराज पार नेपाल जाने वाले अस्थाई मार्ग पर आरबीएम डालकर रास्ता दुरुस्त करने को कहा गया है। इस बार रोडवेज प्रशासन को यात्रियों के लिए मैदानी रूट के अलावा पूर्णागिरि मार्ग पर भी पर्याप्त बसों का संचालन करने को कहा गया है। बैठक में वन, बिजली, रोडवेज, जलसंस्थान, लोनिवि, नगर पालिका, पुलिस, जिला पंचायत, अग्निशमन, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारियों के साथ ही मंदिर समिति के लोग भी मौजूद थे।
ठुलीगाड़ पार्किंग शुल्क को लेकर फैसला लंबित
भैरव मंदिर पार्किंग शुल्क को छोड़ ठुलीगाड़ में पार्किंग शुल्क की वसूली पर प्रशासन ने फैसला लंबित रखा है। पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय ने बैठक में ठुलीगाड़ पार्किंग शुल्क को बंद करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ठुलीगाड़ में पार्किंग होने वाले वाहनों से भी शुल्क वसूले जाने से यात्रियों की जेब पर मार पड़ती है। बता दें कि अब तक मंदिर समिति व प्रशासन ठुलीगाड़ में पार्किंग शुल्क वसूलता रहा है। मेला मजिस्ट्रेट अनिल चन्याल ने बताया कि फिलहाल इस मामले पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।