फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शारदा खनन को लेकर बवाल, ट्रक और ट्रैक्टर मालिकों में हाथापाई

Thu, 06 Dec 2018 10:28 PM IST
ब्यूरो् /अमर उजाला, टनकपुर (चंपावत)।
विज्ञापन
शारदा में खनन को लेकर आपस में भिड़ते शक्तिमान ट्रक व ट्रैक्टर मालिक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शारदा से खनन शुरू होने से पहले ही बृहस्पतिवार को खासा बवाल मचा। डाउन स्ट्रीम में बैराज के पास शक्तिमान ट्रक और ट्रैक्टर मालिकों में हाथापाई से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत कर मामला शांत कराया। इससे पहले ट्रक मालिकों ने खनन प्रभारी हरीश पाल का घेराव कर ट्रैक्टरों से खनन शुरू कराने का विरोध किया। देर शाम तक दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी रही। विवाद के चलते खनिज निकासी मार्ग के मरम्मत का कार्य अधर में लटक गया है। इससे शुक्रवार से खनिज निकासी शुरू होने को लेकर संशय पैदा हो गया है। विवाद उस वक्त हुआ, जब खनन विभाग की अनुमति से ट्रैक्टर मालिक खनिज निकासी मार्ग की मरम्मत के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ अप स्ट्रीम खनन क्षेत्र में जा रहे थे।
विज्ञापन


बुधवार को हुई प्रशासन, खनन विभाग और वाहन मालिकों की बैठक में शुक्रवार से शारदा में डाउन स्ट्रीम से खनिज निकासी शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए बृहस्पतिवार को खनन विभाग की अनुमति पर ट्रैक्टर मालिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर निकासी मार्ग की मरम्मत के लिए खनन क्षेत्र में जा रहे थे। इसका पता चलते ही शक्तिमान ट्रक यूनियन के पूर्व अध्यक्ष जीडी खुल्लर समेत कई ट्रक मालिकों ने बैराज गेट के पास विरोध कर ट्रैक्टरों को रोक दिया। इसके बाद ट्रक और ट्रैक्टर मालिक आमने-सामने आ गए। ट्रक मालिकों ने मौके पर पहुंचे खनन प्रभारी का घेराव किया। इसी दौरान ट्रक -ट्रैक्टर मालिकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। सूचना पर उप निरीक्षक विक्रम सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। उधर, गुस्साए ट्रक मालिकों ने खनन प्रभारी हरीश पाल को भी जमकर खरीखोटी सुनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद पैदा करने के लिए खनन प्रभारी जिम्मेदार है।

शारदा से खनन को लेकर शक्तिमान ट्रक और ट्रैक्टर मालिकों के बीच हुई हाथापाई की घटना में किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी थी। घटना के बाद दोनों पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे, लेकिन कोतवाल ने कहा कि या तो वे मुकदमा दर्ज कराएं अन्यथा एसडीएम से वार्ता कर समाधान निकालें। कोतवाल ने कहा कि शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन



खनन विभाग ने अपने स्तर से खनिज निकासी गेट खोल दिया है। बुधवार को एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णय के तहत ही ट्रैक्टर मालिक खनिज निकासी मार्ग की मरम्मत के लिए जा रहे थे, जिसका ट्रक मालिकों ने विरोध किया। अब मार्ग की मरम्मत के बाद ही निकासी शुरू हो सकेगी। विवाद की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों और शासन को भेजी जा रही है। - हरीश पाल, खनन प्रभारी, टनकपुर।

ट्रैक्टर मालिकों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, धमकाने का आरोप
खनन को लेकर हुए विवाद के बाद ट्रैक्टर मालिकों ने एसडीएम अनिल गर्ब्याल को ज्ञापन सौंपा। इसमें शक्तिमान ट्रक यूनियन के लोगों पर हाथापाई, मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी देने के साथ ही ट्रैक्टरों का जलाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही प्रशासन से खनिज निकासी मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष चंदन सिंह महर, सुरेश सिंह, त्रिभुवन सिंह, गोविंद देउपा, अनिल प्रसाद सिन्हा, नरेश सकारी, धीरज चंद, लक्ष्मण सिंह, दीपक सिंह आदि शामिल थे।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें