शारदा नहर से मिट्टी उठाने पर ग्रामीण भड़के
- फोटो : अमर उजाला
जेसीबी से शारदा नहर की मिट्टी उठाने पर ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने जेसीबी को रोककर काम बंद करवा दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन और शारदा हेडवर्क्स प्रशासन को भी दे दी।
रविवार को यूपी सिंचाई विभाग के अधिकार वाली शारदा नहर से जेसीबी द्वारा मिट्टी उठाने पर चंदफार्म और गढ़ीगोठ के ग्रामीण भड़क उठे। उनका कहना था कि नहर के अंदरूनी छोर से मिट्टी उठाने से नहर को खतरा पैदा होगा। ग्रामीणों ने नहर के तटबंध की मिट्टी उठाने से नहर के टूटने और गांव में पानी भरने की आशंका जताई।
उन्होंने जेसीबी से नवनिर्मित संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने पर भी नाराजगी जताई। साथ ही जेसीबी मालिक से सड़क को दुरुस्त करने को कहा। बता दें कि इन दिनों शारदा नदी तट पर बंदा बनाने और शारदा नहर तटबंध के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। इसके लिए कार्यदायी संस्था मिट्टी का उठान कर रही है।
कैनाल विभाग केे एसडीओ बीएस यादव सरकारी कार्य से बाहर गए हैं। उन्होंने बताया कि बनबसा पहुंचने पर जांच के बाद ही उक्त संबंध में कुछ कहा जा सकता है। उधर, कार्यदायी संस्था अपने कार्य को जायज और नियमों के तहत सही बता रही है। विरोध जताने वालों मेें बीडीसी सदस्य पुष्कर कापड़ी, ग्रामप्रधान अरुण कुमार, रमेश चंद, लाल सिंह, नितिन कलौनी के अलावा कई ग्रामीण शामिल थे।