बनबसा (चंपावत)। भारत-नेपाल सीमा पर गश्त कर रही एसएसबी ने नेपाल से बाइक पर तस्करी का सामान जब्त किया है जबकि तस्कर एसएसबी को देखकर फरार हो गया। एसएसबी ने जब्ती सामान कस्टम को सौंप दिया। एसएसबी 57वीं वाहिनी डी कंपनी की बंगाली कॉलोनी के जवान सोमवार रात धनुषपुल के पास भारत-नेपाल सीमा पिलर 803/10 के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे।
तभी नेपाल से भारत की ओर आती एक बाइक दिखाई दी। एसएसबी जवानों ने बाइक सवार से रुकने को कहा लेकिन तस्कर बाइक छोड़कर नेपाल की ओर भाग गया। एसएसबी पेट्रोलिंग टीम को बाइक यूए 03/3466 में एक बक्सा मेघा गुटखा, तीन बक्सा रेवलोन लिपस्टिक के मिले।
बाइक समेत सामान की कीमत करीब 11.11 लाख रुपये है। एसएसबी के कमांडर निरीक्षक हरिदत्त सिंह ने बताया कि उक्त सामान और बाइक को फर्द बनाकर खटीमा कस्टम को सौंप दिया गया। एसएसबी पेट्रोलिंग टीम में एएसआई खुशाल सिंह, कांस्टेबल विट्ठल निगारी, मदन सागर, रेतिन लाल, सचिन कुमार, हरेराम पटेल आदि थे।
पुलिस ने चरस तस्कर को जेल भेजा
बनबसा (चंपावत)। पुलिस ने एसएसबी के माध्यम से पकड़े गए चरस तस्कर पर मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया। जिला शाहजहांपुर यूपी निवासी अब्दुल हमीद सोमवार शाम नेपाल से तीन किलो चरस ला रहा था। उस समय एसएसबी 57वीं वाहिनी की एफ कंपनी सीमा पर चेकिंग कर रही थी।
तभी एसएसबी के एएसआई पूरन सिंह, कांस्टेबल अंकित, राकेश कुमार ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। कड़ी पूछताछ के बाद एसएसबी ने आरोपी को चरस समेत पुलिस को सौंप दिया था। थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि एसएसबी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत उसका चालान किया गया है। बरामद चरस की कीमत एक लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।