टनकपुर (चंपावत)। प्रवेश की अंतिम तिथि को एडमिशन लेने आए छात्रों को कॉलेज प्रशासन द्वारा प्रवेश देने से मना करने पर डिग्री कॉलेज के छात्र भड़क गए। उन्होंने छात्र संघ महासचिव चर्चित शर्मा के नेतृत्व में कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में वह प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार कटियार के पास पहुंचे। छात्र नेताओं के आग्रह पर प्रभारी प्राचार्य ने प्रवेश के लिए तीन दिन का समय बढ़ा दिया।
कॉलेज में प्रवेश की अंतिम तिथि 28 जुलाई नियत थी, लेकिन कुछ छात्र प्रवेश से वंचित रह गए। छात्रों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को अंतिम दिन वे प्रवेश लेने पहुंचे तो कॉलेज प्रबंधन ने सीट फुल बताकर प्रवेश देने से इनकार कर दिया। इससे प्रवेश लेने पहुंचे छात्र भड़क गए। उन्होंने छात्र संघ महासचिव चर्चित शर्मा के नेतृत्व में कॉलेेज भवन के गेट पर नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्र संघ महासचिव शर्मा ने कहा कि प्रवेश फार्म देने के बाद भी प्रवेश न देना छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन से पहले ही कक्षाओं में सीटें बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वंचित छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया तो वे आंदोलन की मजबूर होंगे। प्रदर्शन में दीपक पचौली, मनीष पुजारी, मो. हुसैन, विनय सुगड़ा, सुमित शर्मा आदि थे।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार कटियार कहते हैं कि महाविद्यालय परिसर के अंदर छात्रों ने कोई प्रदर्शन नहीं किया। प्रवेश की तिथि बढ़ाने का आग्रह लेकर छात्रों का शिष्टमंडल उनसे मिलने जरूर आया था। उनके आग्रह पर प्रवेश के लिए तीन दिन का समय बढ़ाया गया है। यदि कोई छात्र नेता प्रदर्शन की बात कह रहा है तो वह राजनीति चमकाने की कोशिश है।