टनकपुर (चंपावत)। पुलिस और एसओजी टीम ने नकली नोटों के मामले में दूसरे आरोपी हल्द्वानी के युवक को भी उसके पंतनगर सिड़कुड में स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दस हजार रुपये के नकली नोट और नोट बनाने के प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपी ने नकली नोट बनाकर बाजारों के साथ ही सट्टे कारोबार में खपाने की बात कबूली है। पुलिस ने मामले में 489 बी व सी के अलावा 489 ए और डी धारा बढ़ाकर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक लाख पांच हजार रुपये के नकली नोटों के साथ बाइक में सवार ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज के ग्राम पंडरी वार्ड संख्या चार निवासी मुख्तार नामक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि बरामद नकली नोट वह हल्द्वानी के वार्ड संख्या 9 गली नंबर 17 निवासी नितिन राठौर से लाया था। इसके बाद नितिन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम हल्द्वानी रवाना की गई थी। सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि छानबीन में पता चला कि नितिन पंतनगर सिडकुल में किराए के मकान में रहता है। इस पर पुलिस टीम ने पंतनगर सिडकुल में स्थित मेट्रोपोलो सिटी बिल्डिंग में उसके किराए के मकान नंबर 21 में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि तलाशी लेने पर उसकी जेब से सौ रुपये के नकली नोटों की एक गड्डी जिसमें दस हजार रुपये थे और कमरे से तीन कलर प्रिंटर, सौ रुपये के आधे छपे दस नकली नोट, 325 नोट बनाने में प्रयुक्त सादा कागज, पेपर काटने की ब्लेड, नकली नोट बनाने में प्रयुक्त स्याही, अन्य उपकरण और तीन मोबाइल फोन मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सट्टे का भी कारोबार करता है और बाजार में खपाने के साथ ही वह सट्टा जीतने वाले ग्राहकों को भी नकली करेंसी देता था।
पुलिस टीम में ये थे शामिल
नकली करेंसी के धंधे का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस और एसओजी टीम में थानाध्यक्ष जसवंत सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी वीरेंद्र रमौला, एसएसआई योगेश दत्त, कांस्टेबल मतलूब खान, राकेश रौंकली, मनोज बैरी, कैलाश राम, विजय कुमार, बिहारी लाल शामिल थे।