चंपावत। पीजी कालेज में बीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए सीटों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन उच्च शिक्षा मंत्री के एलान के बाद खत्म हो गया है।
शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की ओर से बीए प्रथम सेमेस्टर में सीटों की संख्या बढ़ाए जाने के एलान के बाद बीते एक सप्ताह से आंदोलन कर रहे छात्रों ने आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया। छात्रों ने इस निर्णय को आंदोलन की जीत बताते हुए स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर नए विषय संचालित किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि छात्रों की अभी एक ही मांग पूरी हुई है। उन्होंने चंपावत महाविद्यालय को कैंपस का दर्जा दिए जाने की मांग उठाई। छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कार्की, छात्र नेता अंकित खर्कवाल, विशाल महराना, मीनू चौधरी, रजत तड़ागी, कुशाग्र वर्मा, गौरव टम्टा, प्रमोद बडेला, बसंत जोशी, मनीष महर, नीरज कुमार आदि ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी अन्य मांगों को पूरा नहीं किया गया तो छात्रशक्ति फिर से आंदोलन का सहारा लेगी। संवाद