ाष्ट्रीय राजमार्ग पर मानेश्वर-तिलौन के बीच में दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानेश्वर-तिलौन के पास एक टैंकर की चपेट में आकर स्कूटी सवार व्यापारी की मृत्यु हो गई। अगले टायर की चपेट में आए स्कूटी सवार व्यापारी को टैंकर करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। स्कूटी को टक्कर मारने वाला टैंकर चालक फरार है। अलबत्ता टैंकर और टैंकर के हेल्पर को पुलिस ने दबोच लिया है। टैंकर मथुरा जिले का बताया जा रहा है।
मांदली निवासी व्यापारी प्रवीण बर्दोला (40) पुत्र शिवदत्त शिवरात्रि पर बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे लोहाघाट से स्कूटी से चंपावत लौट रहे थे। तभी मानेश्वर-तिलौन के बीच वह एक टैंकर की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। हादसे में मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा। पुलिस ने अलीगढ़ यूपी निवासी ट्रक क्लीनर राजेश कुमार को हिरासत में ले लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है।
2021 में चंपावत जिले में अब तक हुई प्रमुख दुर्घटनाएं
2 फरवरी : एनएच पर टनकपुर में बिचई के पास डंपर से टकराने से धूरा सहकारी समिति के सचिव की मौत।
3 फरवरी : पाटी के छिलकाछीना में जीप के खाई में लुढ़कने से दो लोगों की मौत और तीन घायल।
10 मार्च : टनकपुर शारदा खनन क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबकर मासूम की मौत।
11 मार्च : एनएच में मानेश्वर के पास टैंकर की चपेट में आए स्कूटी सवार व्यापारी की मौत।
प्रवीण बर्दोला। (फाइल फोटो)- फोटो : CHAMPAWAT