श्री मां वाराही देवी संस्कृत महाविद्यालय देवीधुरा के चार मेधावी छात्रों को उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की ओर से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें विगत वर्ष आयोजित हुई परीक्षा में प्रदेश की मैरिट सूची में स्थान बनाने पर दिया जा रहा है।
प्राचार्य भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि वर्ष 2018 की पूर्व मध्यमा परीक्षा में विनय पांडेय पुत्र हरीश चंद्र पांडेय निवासी कोकिल बना रामगढ़ नैनीताल ने 83.20 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
धीरज मेलकानी पुत्र बंशीधर मेलकानी निवासी ग्राम जलना, नील पहाड़ी पहाड़पानी नैनीताल ने 80 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान, उत्तर मध्यमा में लक्की जोशी पुत्र गिरीश चंद्र जोशी निवासी नदगल महातोलिया गांव पहाड़पानी नैनीताल ने 80.80 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश में दूसरा, अमित जोशी पुत्र प्रकाश चंद्र जोशी निवासी ग्राम डुंगराकोट पोस्ट मूलाकोट चंपावत ने 80.60 फीसदी अंक प्राप्त प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इन मेधावी छात्रों को 22 फरवरी को उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार के सभागर में प्रतिभा सम्मान से नवाजा जाएगा। छात्रों को सम्मानित किए जाने पर महाविद्यालय के प्रबंधक दलीप सिंह चम्याल सहित जिले के जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने खुशी जताई। ब्यूरो