लोहाघाट (चंपावत)। शहर और इससे लगे ग्रामीण क्षेत्र में पीलिया और टायफायड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग ने इन बीमारियों की रोकथाम के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसके अंतर्गत जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र में 11 जगहों से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
लोहाघाट क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लोग पीलिया और टायफायड का प्रकोप बढ़ रहा है। पिछले 15 दिनों में यहां करीब 258 लोग पीलिया और 116 टायफायड की चपेट में आ चुके हैं। इसको देखते हुए बुधवार को एसडीएम आरसी गौतम ने अधिकारियों को की बैठक लेकर जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम के निर्देशों के अनुपालन में जल संस्थान के अभियंता पवन बिष्ट और डॉ.कामिनी मेहरा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और जल संस्थान की टीम ने नर्सरी गधेरे, अक्कलधारा, बनस्वाड़ टैंक, हथरंगिया टैंक, एसडीएम आवास, मीना बाजार , शीतला माता मंदिर के समीप पुनेठा भवन, मीना बाजार कालू राम, हथरंगिया चौराहे के पास समेत 11 जगहों से पानी के सैंपल संकलित किए।
अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि नगर के कचहरी वार्ड में जहां पूर्व में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही थी। इसको ठीक करने के बाद वहां से भी सैंपल लिए गए। नगर से लगे प्रेमनगर क्षेत्र के दो कुंओं से भी पानी के नमूने लिए गए। सभी स्थानों से लिए गए पानी के नमूनों को जांच के लिए जिला परीक्षण प्रयोगशाला में भेजा गया है। कनिष्ठ अभियंता बिष्ट ने बताया कि इसकी रिपोर्ट सोमवार तक आएगी।
खराब हैंडपंप की मरम्मत को ग्रामीणों का प्रदर्शन
चंपावत। पाटी ब्लाक के चौड़ासौन ग्राम पंचायत के लोग लंबे समय से पेयजल किल्लत से परेशान हैं। गांव में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था ठीक न होने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया। शीघ्र पेयजल व्यवस्था ठीक न होने पर आंदोलन करने का ऐलान किया गया।
चौड़ासौन ग्राम पंचायत में काफी समय से हैंडपंप खराब है। कई बार यहां के लोग इसे ठीक करने की जल संस्थान से गुहार लगा चुके हैं। इसके बाद भी मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को खराब हैंडपंप के पास ही प्रदर्शन कर गुस्से का इजहार किया। कहा कि हैंडपंप की खराबी से ग्रामीणों को पानी ढोने के लिए 400 मीटर से अधिक दूरी तय करने को मजबूर होना पड़ता है। प्रदर्शन करने वालों में रोशन राम, त्रिलोक राम, गोपाल राम, मदन राम, भगीराम, दीपक राम आदि शामिल थे। जल संस्थान ने खराब हैंडपंप को जल्द ठीक कराने की बात कही है।