जिले के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कालेजों के प्रधानाचार्योेें की बैठक में प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों को बायोमेट्रिक से उपस्थिति लगाने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर बताया गया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिले के सभी 105 स्कूलों में बायोमेट्रिक मैट्रिक मशीन लगा दी गई है। अब बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षकों और कर्मियों का वेतन रोक दिया जाएगा।
शिक्षा सभागार में सोमवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि अतिथि शिक्षकों की ओर से शीतावकाश में अध्ययन कार्य किया जाएगा। अतिथि शिक्षकों को सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर गर्मी में एक से 15 जनवरी तक तथा जाड़े वाले स्थान में 26 दिसंबर से 31 जनवरी तक अध्यापन कार्य कराना होगा।
मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानों में ट्यूशन खोरी की शिकायत मिल रही है, जिसकी जांच की जाएगी। उन्होंने इस माह के अंत तक सभी छात्रों के आधार बैंक से लिंक कराने, मध्याह्न भोजन योजना की खामियों को दूर करने, स्कूलों में स्वच्छ भारत अभियान संचालित किए जाने, फर्नीचर की उपलब्धता के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी हरेंद्र साह, अंशुल बिष्ट, एलएम चतुर्वेदी, भुवन शंकर पांडेय, दिवाकर मिश्र सहित सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।