पनी मांगों को लेकर लोहाघाट में प्रदर्शन करते रोड़वेज कर्मी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने सात सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जबतक मांगें पूरी नहीं की जाएंगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बुधवार को रोडवेज परिसर में शाखा अध्यक्ष किशन सिंह रावत की अध्यक्षता और संगठन मंत्री महिपाल सिंह के संचालन में आयोजित बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि कोरोना काल में वे अपनी जान जोखिम में डालकर मैदानी क्षेत्रों से प्रवासियों को लाए। छह माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है जिसकी वजह से उनके सामने गंभीर आर्थिक समस्या पैदा हो गई है। दुकानदारों ने अब उधार देने से भी मना कर दिया है।
उन्होंने वेतन का भुगतान करने, समान काम के लिए समान वेतन देने, विशेष श्रेणी व संविदा कर्मियों को नियमित करने, यूनियन के साथ पूर्व में हुए सभी समझौतों को पूरा करने आदि मांगें उठाई। इस मौके पर शाखा मंत्री रविंद्र जोशी, जगदीश सिंह, दीपक प्रसाद, प्रकाश मुरारी, विनोद कुमार गौतम, कुंदन सिंह, मुकेश नाथ, रमेश त्रिपाठी, गिरीश लाल आदि थे।