चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गड्ढा मुक्त सड़क अभियान को गति देने के लिए मंगलवार को एडीएम जयवर्धन शर्मा और एसडीएम अनुराग आर्य ने नगर क्षेत्र की प्रमुख आंतरिक सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जीआईसी कनलगांव, गोरलचौड़, जूप, खटकना, लालूआपानी, ब्लॉक, सर्किट हाउस रोड और हेलीपैड मार्ग का जायजा लिया। एडीएम ने निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सड़कों पर बने गड्ढों को शीघ्र भरकर सुगम, सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने, मरम्मत और निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खटकना पुल, जूप मार्ग और जिला अस्पताल मार्ग (एनएच) की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए कि मार्ग पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत की जाए और असमान सतहों को समतल किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग जिला अस्पताल से जुड़ा है। यहां गर्भवतियों और आपातकालीन मरीजों की आवाजाही होती है। डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के तहत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पालिका ईओ भरत त्रिपाठी, जल संस्थान के एई पवन सिंह, यूपीसीएल के अधिकारी आदि मौजूद रहे।